कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के बाद तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी बुधवार को राजभवन में सुबह 10.45 बजे तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। कोरोना महामारी के मद्देनजर राजभवन में आयोजित सादा समारोह में मात्र 50 लोगों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित लोगों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य से लेकर भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, वाममोर्चा चेयरमैन बिमान बोस, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी से लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रमुख सौरव गांगुली सहित कुछ और प्रमुख लोग शामिल हैं।
समारोह में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व नवनिर्वाचित विधायक बिमान बनर्जी, चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर, सांसद अभिषेक बनर्जी, सुब्रत मुखर्जी, तृणमूल महासचिव पार्थ चटर्जी, फिरहाद हकीम, सुब्रत बक्शी, अभिनेता देव, भाजपा के नव निर्वाचित विधायक एमएलए मनोज टिग्गा, कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य सहित अन्य को आमंत्रित किया गया है। राज्यपाल जगदीप धनखड़ सुबह 10.45 बजे सीएम पद की शपथ दिलाएंगे।इसके साथ ही तृणमूल के वरिष्ठ नेता सुब्रत मुखर्जी को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई जाएगी। छह और सा मई को नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे।राजभवन में शपथ लेने के बाद सीएम ममता बनर्जी सीधे नवान्न राज्य सचिवालय जाएंगी। नवान्न को सजाया जा रहा है। वहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। पुलिस उपायुक्त कम्बैट, आइपीएस धृतिमान सरकार के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑर्नर दिया जाएगा। उसके बाद सीएम राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। ममता बनर्जी अधिकारियों के साथ बैठक में कोरोना को लेकर कड़ा फैसला ले सकती हैं।












