श्रीनगर,संकल्प सवेरा । जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को शोपियां में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेना के जवान नायक प्रवीण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उपराज्यपाल ने कहा, ‘मैं हमारे बहादुर सेना के जवान, नायक प्रवीण सिंह के साहस और बलिदान को सलाम करता हूं, जिन्होंने शोपियां में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। राष्ट्र के लिए उनकी सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में सिंह के परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।’
विस्फोट में सेना के तीन जवान घायल
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शुक्रवार को हुए एक विस्फोट में सेना के एक जवान की मौत हो गई। जबकि दो जवान घायल हो गए। यह विस्फोट एक निजी वाहन में तब हुआ, जब सुरक्षा बलों ने पतितोहलान इलाके में घेरा और तलाशी अभियान शुरू किया। विस्फोट में तीन जवान घायल हो गए। इसमें से नायक प्रवीण की हालत गंभीर थी। उन्हें ऊधमपुर के कमांड अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया था, जहां बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। बाकी दो जवानों का इलाज अभी जारी है
उत्तराखंड के रहने वाले थे नायक प्रवीण सिंह
जम्मू-कश्मीर के शोपियां इलाके में गुरुवार को आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में उत्तराखंड के रहने वाले नायक प्रवीण सिंह (30) शहीद हो गए। प्रवीण सिंह का छह साल का एक बेटा है। वह बंजारावाला, देहरादून के रहने वाले थे। उनके पिता भी सैनिक रहे हैं
सेना प्रमुख ने परिवार के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदना
भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और भारतीय सेना के सभी रैंकों ने शहीद सैनिक को अंतिम सम्मान दिया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। भारतीय सेना ने ट्वीट कर कहा, ‘सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और भारतीय सेना के सभी रैंक ने नायक प्रवीण सिंह, जो शोपियां में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए, के सर्वोच्च बलिदान को सलाम किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की
चिनार कार्प्स ने वीरता और बलिदान को किया सलाम
भारतीय सेना के चिनार कार्प्स के आधिकारिक अकाउंट ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘चिनार कार्प्स नायक प्रवीण सिंह की वीरता और बलिदान को सलाम करता है, जिन्होंने तीन जून 2022 को शोपियां के पतितोहलान में कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन को दांव पर लगा दिया। शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’
वाहन दुर्घटना में सेना के सात जवानों की मौत
इससे पहले, 27 मई को लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में एक वाहन दुर्घटना में सेना के कम से कम सात जवानों की जान चली गई थी और 19 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 26 जवानों का दल परतापुर के ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ में अग्रिम स्थान की ओर बढ़ रहा था। भारतीय सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस एक गहरी खाई में गिर गई। इस संबंध में पुलिस द्वारा भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 279, 337 और 304A के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है












