लगता है कि जिला प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है

जौनपुर,संकल्प सवेरा_नगर क्षेत्र की जनता विगत २महीने से एक बहुत बड़ी समस्या को झेल रही है कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रतिदिन प्रशासन के लोग उस रास्ते से गुजर रहे हैं मंत्री विधायक भी जा रहे हैं लेकिन किसी का ध्यान इधर नही जा रहा है जब कोई बड़ी दुर्घटना हो जायेगी तब इन लोगों की तंद्रा टूटेगी।
बताते चलें कि विगत महीनों से पालीटेक्निक चौराहे से अहमद खान मंडी तक की रोड टूट गई है और उसमे बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं और उपर से नाली का गंदा बदबूदार पानी इकट्ठा हो गया है जिसमे प्रतिदिन सवारी लदी बैटरी टम्पू पलट जाती है जिससे यात्रियों को चोट लग जाती है।यही नहीं बड़े बड़े ओवर लोडेड ट्रक भी इस पर चल रहे हैं जो सड़क को और खराब कर दिए हैं। आए दिन यहां लंबा जाम लगा रहता है लेकिन किसी का ध्यान इधर नही जा रहा है।
यहां बताते चलें कि यह मार्ग मिर्जापुर भदोही का प्रमुख मार्ग है। सिटी स्टेशन के यात्री ट्रेन पकड़ने इसी रास्ते से जाते हैं जनपद का सबसे बड़ा हॉस्पिटल ईशा हॉस्पिटल इसी रोड पर है जहां प्रतिदिन गंभीर मरीजों को लेकर एंबुलेंस जाती हैं और लंबे जाम में फंस जाती हैं। आज सुबह सवारी लदा टेंपू उसी जगह पलट गया और उसमे बैठे यात्री उसमे दब गए कोई गंदे पानी की वजह से वहां नहीं जा रहा था लेकिन बाद कुछ लोगों ने गंदे पानी में जाकर टेंपू उठाया और यात्रियों को बाहर निकाला। यह मात्र एक उदाहरण हैं ऐसी दुर्घटना प्रतिदिन अहमद खान मंडी शिव मंदिर के पास और पॉलिटेक्निक चौराहे पर हो रही हैं ।
इस समस्या को एक बड़े पेपर ने प्रमुखता से छापा भी था तो ऐसा नहीं है कि जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में नहीं है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में और यात्रियों में आक्रोश दिखाई देता है और सभी जिला प्रशासन और वर्तमान सरकार को कोसते नजर आते हैं। वर्तमान सत्ता पक्ष तो अभी नगरपालिका जीत का जश्न मनाने में ही व्यस्त है और ओर आम आदमी परेशान है। देखना है कि कब किसी बड़े अधिकारी मंत्री विधायक का ध्यान इधर जाता है और सड़क गंदा पानी और गड्ढा मुक्त होती है।












