संकल्प सवेरा,जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के कार्यरिणी का चुनाव शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया गया। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक हुए मतदान के बाद देर शाम मतगणना शुरू हुई और रात करीब सवा नौ बजे तक चली। इसमें जितेंद्र नाथ उपाध्याय को अध्यक्ष और अनिल कुमार सिंह को मंत्री निर्वाचित किया गया
गहमा-गहमी के बीच हुई चुनावी प्रक्रिया में मतदान के बाद मतणगना शुरू करायी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरपी सिंह की देखरेख में शुरू हुई मतगणना में सात टेबल लगाए गए। रात करीब सवा नौ बजे आए परिणाम में अध्यक्ष पद पर 806 मत पाने वो जितेंद्र नाथ उपाध्याय निर्वाचित हुए। उन्हें उनके निकटतम प्रतिंद्वद्वी सुभाष चंद्र यादव से 49 वोट ज्यादा मिला। उपाध्यक्ष के दो पद पर अरुण कुमार सिन्हा 883 मत एवं नरेंद्र बहादुर सिंह 762 मत पाकर विजयी घोषित किए गए। मंत्री पद पर अनिल कुमार सिंह को 496 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रण बहादुर यादव को 63 मतों से हराया।
रणबहादुर यादव को 433 मत मिले। संयुक्त मंत्री पद पर राज कुमार यादव 98 मतों से विजयी हुए। उन्हें 630 मत तथा उनके निकटतम प्रतिद्वंदी उस्मान अली को 532 वोट मिले। उपमंत्री के दो पद पर रीता सरोज 982 मत व विनय कुमार उपाध्याय 892 मत पाकर विजयी हुए। लेखा निरीक्षक पद पर अतुल कुमार श्रीवास्तव 1092 मत पाकर विजेता बने। कार्यकारिणी सदस्य के सात पदों पर संदीप कुमार यादव, अश्वनी कुमार मिश्रा, समीर कुमार यादव, राहुल द्विवेदी, शुभम श्रीवास्तव, अरविंद कुमार सिंह, व सुजीत कुमार निषाद ने जीत दर्ज की। मुख्य चुनाव अधिकारी आरपी सिंह ने मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की। विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों ने फूल-माला से लादकर जीत का जश्न मनाया और बधाई दी। मतगणना से पहले हुए मतदान प्रक्रिया में कुल 2777 मतों में से 2224 मत पड़े थे। चुनावी मैदान में कुल 15 पदों के लिए 43 प्रत्याशी थे।












