डिप्टी जेलर के घर से नगदी समेत आभूषण चोरी
दौलतपुर गॉव निवासी रीना तिवारी बतौर डिप्टी जेलर बहराइच में तैनात
संकल्प सवेरा,गभिरन(जौनपुर) खुटहन क्षेत्र के दौलतपुर गांव की निवासी बहराइच जेल में तैनात डिप्टी जेलर का ताले के भरोसे छोड़ा गया घर चोरों ने इत्मीनान से खंगाल डाला। लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान समेट ले गए। चोरों ने अनाज तक नहीं छोड़ा। पुलिस छानबीन कर रही है।
उक्त गांव निवासी रीना तिवारी बहराइच जेल में डिप्टी जेलर के पद पर कार्यरत हैं। गत जुलाई में उनके 20 वर्षीय पुत्र लकी तिवारी की सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोइरीडीहा स्कूल के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। खबर लगने पर घर आईं रीना तिवारी अपने परिवार पति उनीत, बेटे छोटू व साक्षी को साथ लेकर बहराइच चली गई थीं।
घर में ताला लगा दी थीं। शनिवार रीना तिवारी छुट्टी पर घर आईं तो सभी कमरों के ताले टूटे देख व सामान बिखरे देखकर भौंचक रह गईं। नकदी, आभूषण व कीमती सामानों के साथ ही घर में रखे बर्तन, गेहूं और चावल तक चोर उठा ले गए थे। उन्होंने थाने पर जाकर चोरी की लिखित सूचना दी। पुलिस चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।












