जौनपुर दो अंतर्जनपदीय सिलेंडर चोर गिरफ्तार
जौनपुर,संकल्प सवेरा। मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडर चोरी करने वाले दो अंतरजिला शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से 190 खाली इंडियन गैस सिलेंडर (14 किलोग्राम वजन वाले) और एक टाटा मैजिक गाड़ी बरामद की है।
गिरफ्तार किए गए चोरों की पहचान धर्मवीर गौतम उर्फ जानू (26) निवासी हरिपुर सरायदासू, सैदाबाद, प्रयागराज और सौरभ (28) निवासी चिल्ला कला, थाना सोहागी, रीवा, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। धर्मवीर पर पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सौरभ पर 3 मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष मीरगंज रमेश कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव, मुन्नीलाल कन्नौजिया और शमीम खां की टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोलनापुरनिर्माणाधीन नहर पुलिया के पास से दोनों चोरों को सोमवार रात गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान चोरों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों ने 19 नवंबर को मीरगंज क्षेत्र के ग्राम सेमरी स्थित जनार्दन इंडेन गैस एजेंसी से 141 सिलेंडर और 27 मई को थाना पवारा क्षेत्र के कुंवरपुर गैस एजेंसी से 49 सिलेंडर चोरी किए थे। एसपी सिटी अरविंद वर्मा ने बताया कि गैस सिलेंडर चोरी के लिए चोर पहले मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी करते थे और फिर घटना को अंजाम देते थे। पुलिस उनकी अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।















