ठंड की आगोश में जौनपुर, नहीं है अलाव की व्यवस्था
स्वघोषित समाजसेवी नदारत, पोस्टर और बैनरों पर कंधे से कंधा मिलाकर चलने का दावा

जेड हुसैन बाबू
संकल्प सवेरा जौनपुर। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक के इलाकों में ठंड ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। मंगलवार की सुबह घना कोहरो होने के कारण गलन में इजाफा हो गया। ट्रेन, बस और अन्य वाहनों को रास्ता तय करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गलन एक बारगी बढ़ी तो लोगों को अलाव की जरूरत महसूस होने लगी। शहरी क्षेत्र के रोडवेज, भंडारी रेलवे स्टेशन समेत अन्य प्रमुख तिराहों और चौराहों पर राहगीर ठिठुरते दिखे। अभी तक नगर पालिका प्रशासन की तरफ से अलाव की व्यवस्था नहीं की गयी है। ठंड ने चारों तरफ से पूरे जिले को अपनी आगोश में लिये हुए है। कोतवाली चौराहा जिला चिकित्सालय रोडवेज बस स्टैंड और भंडारी रेलवे स्टेशन पर लोग ठंड की मार देते हुए देखा जा रहा है।
अभी कुछ दिन पूर्व ठंड लगने से ओलंदगंज कचहरी रोड पर एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। गरीब और असहाय लोग इधर-उधर से कागज बटोर कर आज जलाकर तापते हुए देखे जा सकते हैं। नगरपालिका का हाल यह है कि मस्त रहो मस्ती में आग लगे बस्ती में। अधिकारी और उनके मातहत दिनभर कुर्सी तोड़ते हुए नगर पालिका में दिखाई देते हैं। ऐसी स्थिति में अलाव की व्यवस्था कौन करें और इसका जिम्मेदार कौन है इसका जवाब कौन देगा? नगर निकाय का चुनाव सर पर है अध्यक्ष पद की दावेदारी करने वाले बहुत से लोग है जिन्होंने पोस्टर और बैनरों पर समाजसेवी होने का दावा ठोक दिया है।
चुनाव नजदीक आते ही अनगिनत कथित समाजसेवी प्रकट हो गये हैं लेकिन सेवा तो छोड़ दीजिये समाज से कोई लेना देना नहीं है। राजनैतिक दल कोई भी हो, मतदाताओं को रिझाने के लिए वादों की झड़ी लगाने में किसी ने कसर नहीं छोड़ी है। अब तक के चुनावी वादों का हश्र देख, मतदाताओं को नेताओं के इन वादों-दावों पर भरोसा नहीं रह गया है।
नगर निकाय चुनाव नजदीक है ऐसे में वोटरों को लुभाने के चक्कर में बयानबाजी की होड़ इन दिनों नेताओं में लगी है। शहर से सभी प्रमुख तिराहे चौराहों पर समाजसेवी की मुस्कुराते हुए फोटो देखने को मिल जायेगी।












