लाल किले के हमलावरों को बक्शना खतरनाक होगा
जौनपुर,संकल्प सवेरा । 26 जनवरी को लाल किला पर चढ़कर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने वाले संविधान व कानून की धज्जियां उड़ा कर खुलेआम लोकतंत्र को चुनौती दे रहे हैं। उक्त बातें पत्रकार भवन में प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय संज्ञान पार्टी के अध्यक्ष चंद्र मणि पाण्डेय ने कहा।
भारतीय संज्ञान पार्टी ने अपना प्रमुख एजेंडा सार्वजनिक करते हुए कहा कि हमारे देश में भावनात्मक मुद्दे उठाकर वोट लेने की परंपरा रही है जबकि वास्तविक मुद्दे छूट जाते हैं। संविधान में जाति धर्म के आधार पर विभेद न करने की बात कही गई है जबकि आरक्षण से संबंधित व्यवस्था या दलित उत्पीड़न का कानून जातिगत आधार पर ही बनाया गया है। राजनीतिक दल अपने नफे नुकसान को ध्यान में रखते हुए ही किसी मुद्दे पर बोलते हैं या चुप्पी साध लेते हैं। जनता से सरोकार रखने वाले, उन्हें प्रभावित करने वाले विषयों को यह लोग डर वश नहीं उठाते, ताकि उनको वोट का नुकसान न हो।
भारतीय संज्ञान पार्टी बिना स्वार्थ या लोभ के उन मुद्दों को उठाकर जनता की पीड़ा कम करने का प्रयत्न करेगी जिन्हें अनदेखा कर दिया जाता है। 26 जनवरी को दिल्ली में जो तांडव हुआ, सुरक्षाकर्मियों के साथ बर्बरता हुई अथवा कुछ मुट्ठी भर तथाकथित किसान दिल्ली बॉर्डर पर लंबे समय तक अराजकता फैलाए रहे यह असामान्य संवैधानिक अवमूल्यन की स्थिति है। किसान आन्दोलन के अंत में भाजपा और तथाकथित किसान समझौता करके हट लिए इस दौरान जिन्हें परेशानियां हुई उनकी पीड़ा पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। उक्त प्रेसवार्ता में रामजीत निषाद उपाध्यक्ष, सुदामा उपाध्याय सचिव, अतुल शुक्ला उपसचिव भी उपस्थित रहे।












