प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के साथ नौ अप्रैल को अन्तरा दिवस का भी आयोजन- वर्ष 2020-21 में 4,500 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन अपनाकर परिवार नियोजन में अहम भूमिका निभाई
जौनपुर, संकल्प सवेरा । गर्भवती के प्रसव पूर्व जांच के लिए हर माह की नौ तारीख को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी), अरबन प्राइमरी हेल्थ सेंटर (यूपीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी), उपकेंद्रों तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर विशेष अंतरा दिवस का आयोजन भी किया जाएगा। इस दिन महिलाओं को त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा की सेवा प्रदान की जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ राकेश कुमार ने जिले के सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों (एमओआईसी)/चिकित्साधिकारियों को हर महीने की नौ तारीख को मनाए जाने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस तथा हर महीने की 21 तारीख को मनाए जाने वाले खुशहाल परिवार दिवस के मौके पर परिवार नियोजन की अस्थाई विधियों जैसे अंतरा इंजेक्शन, छाया, माला-डी, माला-एन, पीपीआईयूसीडी आदि को आम लाभार्थियों को उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया है।
परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एमसीएमओ डॉ. राजीव कुमार ने बताया कोरोना काल में भी परिवार नियोजन की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित करने तथा उन्हें बढ़ावा देने के लिए जिले में नौ अप्रैल को विशेष अंतरा दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत जिले की सभी सीएचसी, यूपीएचसी, पीएचसी, उपकेन्द्रों तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान महिलाओं को त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन अंतरा लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भ को रोकने के लिए एक सुरक्षित विकल्प है।
यह इंजेक्शन एक बार लगवाने पर तीन माह तक अनचाहे गर्भ से छुटकारा मिल जाता है। महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए अंतरा गर्भ निरोधक इंजेक्शन की शुरुआत की गई है। डॉ. राजीव कुमार ने बताया वर्ष 2020-21 में लगभग 4500 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन लगवा कर परिवार नियोजन में अहम भूमिका निभाने के साथ उस पर भरोसा जताया था।
केयर लाइन से आसानी से जुड़ सकती हैं महिलाएं :
टोल फ्री अंतरा केयरलाइन 1800-103-3044 के जरिए महिलाएं इससे आसानी से जुड सकती हैं। अंतरा लगवाने वाली महिलाओं के मन में कई तरह के सवाल होते हैं। जिसे वह किसी से भी पूछने से हिचकिचाती हैं। ऐसे में इस टोल फ्री नम्बर से बड़ी असानी से अपने हर सवाल का जवाब घर बैठे ही ले सकती हैं। टोल फ्री नम्बर डायल करने पर अंतरा से जुड़ी हर समस्या पर उचित सलाह परार्मशदाता से आसानी से मिल जाता है। अंतरा इंजेक्शन लगवाते ही लाभार्थी अंतरा केयरलाइन नंबर डायल करके पंजीकरण कराएं ताकि उन्हें समय-समय पर जरूरी सलाह मिलती रहे। सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक इस नंबर पर कॉल की जा सकती है।












