जिले में आज शुरू होगा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान
नियमित टीकाकरण से वंचित 17,640 बच्चों तथा 6,723 गर्भवती को लगेगा टीका, बनीं 426 टीमें
– अभियान में लगीं 426 एएनएम, 3099 आशा व 3090 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
– 2982 टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे, 168 विभागीय पर्यवेक्षक करेंगे सुपरविजन
जौनपुर,संकल्प सवेरा – विधानसभा चुनाव की वजह से जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष (4.0) टीकाकरण अभियान नौ मार्च से शुरू होगा और 16 मार्च तक (सात दिन) चलेगा। अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इस दौरान जनपद में नियमित टीकाकरण से छूटे दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती का शत-प्रतिशत टीकाकरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ नरेन्द्र सिंह ने बताया कि बच्चों एवं गर्भवती को कुल 12 गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है जो कि प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित किया जाता है। विभिन्न कारणों से जनपद के 17,640 बच्चे तथा 6,723 गर्भवती नियमित टीकाकरण से वंचित रह गए जिन्हें इस अभियान में शत-प्रतिशत प्रतिरक्षित किया जाना है। इन टीमों में 426 एएनएम, 3099 आशा कार्यकर्ता तथा 3090 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही 168 विभागीय पर्यवेक्षक सुपरविजन का कार्य करेंगे। सात दिनों में कुल 2982 टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे। प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र चलेगा। अभियान का दूसरा चरण 04 अप्रैल तथा तीसरा चरण 02 मई से सात दिनों के लिए चलेगा।
डॉ सिंह ने 12 गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए बच्चों एवं गर्भवती का शत-प्रतिशत टीकाकरण करवाने की अपील की है। इस अभियान में टिटनेस, गलाघोंटू, कालीखांसी, वायरल निमोनिया, बैक्टीरियल निमोनिया, दस्त रोग (डायरिया), हेपेटाइटिस, टीबी, पोलियो, चेचक (खसरा), रुबेला, जापानी मस्तिष्क ज्वर से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे।












