विनियमन समिति ने गोमती की स्वच्छता के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का निर्देश दिया
संकल्प सवेरा,सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की बैठक गुरुवार को सभापति दीपक सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। सभापति ने डीएम व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न मामलों के सम्बन्ध में विचार-विमर्श कर जानकारी की।
उन्होंने नगर पालिका परिषद में व्याप्त अनियमितता की जांच कराने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत गोमती नदी को स्वच्छ करने के लिए वाटर ट्रीटमेन्ट प्लांट लगाने का निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिया।
सभापति ने शहर स्थित देव वृक्ष पारिजात के आस-पास सौदर्यींकरण, विधानसभा लम्भुआ, थाना चांदा में पंजीकृत अपराध, साइबर क्राइम, अपराधों की रोकथाम, आनलाइन मनी ट्रांसफर की धोखाधड़ी जैसे विषयों की प्रगति रिपोर्ट पर बैठक में चर्चा की। उन्होंने नगर पालिका परिषद में लंबित मामलों की प्रगति समीक्षा कर त्वरित गति से निस्तारण कराने का निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिया।
उन्होंने कहा कि इस देव वृक्ष पारिजात से आस-पास के कई जनपदों के आमजनों की धार्मिक भावना जुड़ी हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को त्वरित निस्तारण के लिए उचित व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र की ओर से आश्वस्त किया गया कि उक्त बिन्दुओं पर नियंत्रण पाने के लिए सेल का गठन किया गया है।
आने वाले प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। एमएलसी,जौनपुर बृजेश सिंह Prinshu, एमएलसी रमेश मिश्रा व एमएलसी शैलेन्द्र सिंह ने भी बैठक में उठाए गए विभिन्न बिन्दुओं पर हुए विचार-विमर्श पर सहमति व्यक्त की।
सभी जनप्रतिनिधियों ने विकास भवन से जुड़े कुछ अधिकारियों की कार्य प्रणाली से अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए समिति अध्यक्ष की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स को को निर्देशित किया गया कि अपने स्तर से इसका समाधान करें।
यहां पर जिलाधिकारी रवीश गुप्त, एडीएमई हर्षदेव पाण्डेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व उमाकान्त त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, एसडीएम लम्भुआ वन्दना पाण्डेय, डीपीआरओ आरके भारती, अधिशासी अभियन्ता जल निगम आरएस यादव आदि रहे।












