लखनऊ शिक्षकों की राजनीति के सबसे अहम चुनाव विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों पर मतगणना के बीच में उलटफेर का भी होना तय है। करीब 40 वर्ष से यानी लगातार आठ बार से विधान परिषद सदस्य रहे मेरठ से ओम प्रकाश शर्मा के किले में इस बार सेंध लग गई है। मेरठ शिक्षक क्षेत्र सीट से भारतीय जनता पार्टी के श्रीचंद शर्मा ने ओम प्रकाश शर्मा पर बढ़त बना ली है। इस बार शिक्षक तथा स्नातक की 11 सीट पर 199 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।
विधान परिषद के शिक्षक क्षेत्र की सीटों की गिनती में मुरादाबाद के साथ ही लखनऊ में भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बढ़त पर हैं। विधान परिषद की 11 सीटों पर आज आने वाले नतीजे से शिक्षक राजनीति की दिशा तय होगी। इसमें भी खासकर शर्मा गुट का भविष्य तय होगा और भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के दम-खम का आंकलन भी होगा।
भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने मेरठ शिक्षक सीट से लगातार आठ बार विधान परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा के खिलाफ 4300 मत की बढ़त बना ली है। श्रचंद शर्मा पहले चक्र की गणना से ही ओम प्रकाश शर्मा से आगे चल रहे हैं। शिक्षक सीट पर ही आठ बार से लगातार विधान परिषद सदस्य ओम प्रकाश शर्मा को इस बार झटका लग सकता है। पहले चक्र में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को 2854 वोट मिले जबकि ओम प्रकाश शर्मा को 894 वोट मिले थे। विधान परिषद सदस्य तथा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा की उम्र 87 वर्ष है। एमए अंग्रेजी के साथ बीएड ओम प्रकाश शर्मा लम्बे समय से शिक्षकों की राजनीति कर रहे हैं। निर्दलीय मैदान में उतरने वाले शर्मा के परिणाम पर सभी की निगाह है।
बरेली-मुरादाबाद में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो आगे
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक विधायक चुनाव की मतपेटियां खुलने के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कने भी बढ़ गई। भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो अभी तक की मतगणना में आगे हैं। चुनावी मैदान में यूं तो 15 प्रत्याशी हैं, लेकिन मुकाबला पूर्व एमएलसी संजय मिश्रा, भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो, कांग्रेस प्रत्याशी मेहंदी हसन और निर्दलीय डॉ. विनय खंडेलवाल के बीच माना जा रहा है।












