भाजपा सरकार में ब्राह्मणों के साथ हुआ उत्पीड़न:विनोद मिश्र
संकल्प सवेरा,जौनपुर । मुंगराबादशाहपुर विधानसभा में 30 दिसंबर को सपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में सपा नेताओं का जमावड़ा लगने जा रहा है। इस दौरान लगभग 1000 ब्राह्मण बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल होने जा रहे हैं। प्रबुद्ध वर्ग कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद करेंगे।
मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा सीट ब्राह्मण बाहुल्य सीट मानी जाती है। इस सीट पर ब्राह्मण मतदाता का प्रभाव अधिक है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में बीजेपी के ब्राह्मण कार्यकर्ताओं का सपा में जाना निश्चित रूप से भाजपा के लिए बड़ा नुकसान होगा।
भाजपा सरकार में ब्राह्मणों के साथ हुआ उत्पीड़न
मीडिया से बातचीत में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के संयोजक विनोद मिश्र ने बताया कि बीजेपी की सरकार में ब्राह्मणों के साथ उत्पीड़न हुआ है। तकरीबन 100 से ज्यादा ब्राह्मणों के एनकाउंटर 500 से ज्यादा ब्राह्मणों की हत्या मौजूदा सरकार में हुई है।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण वर्ग बीजेपी से आक्रोशित है। लगभग 1000 बीजेपी के कट्टर ब्राह्मण कार्यकर्ता पार्टी को छोड़ सपा में शामिल होने जा रहे हैं। ये सभी कार्यकर्ता मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा के हैं। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में बड़ी संख्या में यह कार्यकर्ता सपा को मजबूत बनाने का काम करेंगे।
समाजवादी विजय यात्रा आने के बाद माहौल बदल गया है। सपा कार्यकर्ताओं और जनता का अखिलेश के प्रति प्रेम देखकर सभी दल बौखला गए हैं। जिस खुशी दुबे की मेहंदी भी नहीं सूखी थी सरकार ने उसे जेल में डाल दिया।
ब्राह्मणों को लेकर योगी आदित्यनाथ की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य इतना है कि सरकार को यह संदेश जाएगा कि ब्राह्मण वर्ग उनसे नाराज है। निश्चित रूप से ब्राम्हण सपा की सरकार बनाने के लिए कटिबद्ध हैं












