जिल में आज मनाया जाएगा खुशहाल परिवार दिवस
सीएमओ ने कार्य योजना बनाकर एमओआईसी को जारी किए निर्देश
परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थाई साधनों को अपनाने पर दिया जाएगा जोर
संकल्प सवेरा,जौनपुर। समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता तथा स्वीकार्यता बढ़ाने के उददेश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार (21 जून) को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाएगा।
शासन से आदेश आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने इसकी कार्य योजना बनाकर प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों (एमओआईसी) को निर्देश जारी कर दिए हैं।
सीएमओ डॉ राकेश कुमार ने बताया कि हर माह की 21 तारीख को सभी सीएचसी और पीएचसी पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाता है।
शासन की ओर से गर्भवती के अलावा उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं तथा तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाओं की जांच के लिए खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन शुरू किया था।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ राजीव कुमार ने बताया कि समय से परिवार नियोजन की सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। इसके चलते ही 21 जून को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा।
इससे संबंधित पत्र सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को भेजा जा चुका है। स्वास्थ्य सेवाओं को गति प्रदान करने के लिए 21 जून को जिले के 21 ब्लाकों, शहरी क्षेत्र के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), 73 एपीएचसी, 73 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और 492 सब-सेंटरों पर खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान महिलाओं को अंतरा का इंजेक्शन लगवाने के लिए प्रेरित करना, प्रसव के बाद लगने वाला पीपीआईयूसीडी, साप्ताहिक गर्भ निरोधक गोली छाया, कंडोम, ई-पिल्स, माला-एन की गोली बांटी जाती है और कापर टी लगवाया जाता है।
उच्च जोखिम गर्भवस्था, नवविवाहित महिलाएं तथा ऐसी महिलाएं जिनके तीन या तीन से ज्यादा बच्चे हैं, उन्हें संबंधित ब्लाकों पर लाकर उनका रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। लाभार्थियों को मौजूद परिवार नियोजन के संसाधनों में से अपनी इच्छा के अनुरूप संसाधनों को अपने लिए लेने की सुविधा मिलेगी।












