जौनपुर में डायल हंड्रेड वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में गुरुवार की सुबह डायल 100 के वाहन के धक्के से एक वृद्ध की मौत हो गयी। एहतियात के तौर पर मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गयी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि डायल 100 सुबह साढ़े सात बजे उक्त गांव निवासी पियारे गुप्त व राजकुमार के बीच हुए विवाद की सूचना पर पहुंची थी। गांव के महादेव यादव (80) गुप्ता बस्ती में बिजली के मिस्त्री के पास जा रहे थे।
इसी बीच डायल सौ का चालक वाहन बैक करने लगा। जिससे महादेव गंभीर रुप से घायल हो गये। आनन-फानन में लोग उसे सीएचसी ले गये। हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गयी।
उधर पुलिस के वाहन से हुई घटना को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। देखते ही देखते सीओ राजेंद्र कुमार व प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार के लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस आवश्यक कार्यवाई में जुटी रही।