जालसाज ने व्यापारी की खाते से उड़ाए 45000

महराजगंज(जौनपुर),संकल्प सवेरा। खाते से कटे पैसे वापस दिलाने के नाम पर जालसाज ने बर्तन व्यापारी के खाते से उड़ाए 45000।
स्थानीय पुरानी बाजार निवासी बर्तन व्यवसाई बबलू निगम द्वारा भारत पे से ऑनलाइन ₹25000 का लोन लिया गया था। जिसके एवज में 120 दिनों तक 225 रुपए की दैनिक किस्त द्वारा लोन अदा करना था। पिछले 43 दिन से खाते में पैसा नहीं जमा हो सका।
ऐसे में मंगलवार को व्यापारी द्वारा₹10000 भारत पे को भुगतान किया गया। इसके बाद 43 दिनों का कुल 9717 रुपए काटकर शेष रुपए व्यापारी की खाते में वापस कर दिए गए। लेकिन अगले दिन व्यापारी के बैंक ऑफ़ बडौदा राजा बाजार स्थित बैंक खाते से 9717 रुपए अतिरिक्त कट गए। जिसकी शिकायत व्यापारी द्वारा गूगल से भारत पे के कस्टमर केयर का नंबर निकाल कर मंगलवार को सुबह 10:00 बजे की गई। दोपहर 12:20 पर भारत पे कस्टमर केयर से फोन कर बताया गया आपको एक लिंक भेजी जा रही है जिसे ओपन करने के बाद आपके पैसे वापस आ जाएंगे।लेकिन जैसे ही उस लिंक को ओपन किया गया व्यापारी के खाते से ₹45000 कट गए। खाते में मात्र नौ रूपए शेष रह गए।जिसकी शिकायत पुनः कस्टमर केयर से की गई तो बताया गया कि कुछ देर में आपके पैसे वापस मिल जाएंगे।
लेकिन पैसे वापस नहीं मिले तो व्यापारी द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई।इस संदर्भ में थानाध्यक्ष महराजगंज ओमप्रकाश पांडे का कहना है इस मामले की शिकायत केवल साइबर थाना जौनपुर में ही दर्ज कराया जा सकती है।स्थानीय थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज करने की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।












