जौनपुर,संकल्प सवेरा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सर्वसाधारण को अवगत कराया है कि माह-अप्रैल, 2021 में नियमित योजना के खाद्यान्न वितरण के अन्तर्गत 05 अप्रैल से 18 अप्रैल 2021 तक निर्धारित की गयी थी। कतिपय जनपदों में विभिन्न कारणों से लाभार्थियों में खाद्यान्न वितरण न होने के क्रम में आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उ0प्र0 जवाहर भवन, लखनऊ द्वारा माह-अप्रैल, 2021 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत होने वाले नियमित वितरण की तिथि बढ़ाकर 22 अप्रैल 2021 की गयी थी, परन्तु अभी भी लाभार्थियों में खाद्यान्न का वितरण नहीं होने के कारण उक्त नियमित खाद्यान्न वितरण की तिथि को बढ़ाकर 25 अप्रैल 2021 तक किये जाने का निर्णय लिया गया है। तत्क्रम में जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि 25 अप्रैल 2021 तक समस्त लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से पूर्व में जारी सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशों का पालन कराते हुए नियमानुसार शत-प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित न रह जाये।












