जौनपुर,संकल्प सवेरा । घने कोहरे की वजह से सड़क हादसे बढ़ गए हैं। शनिवार को बक्शा, जलालपुर और गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में हुईं तीन सड़क दुर्घटनाओं में दूधिया समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक चालक घायल हो गया।
बक्शा थाना क्षेत्र के सरायहरखू गांव में सुबह घने कोहरे के बीच सड़क पार करते समय कार ने दूधिये को टक्कर मार दी। तेजी बाजार थाना क्षेत्र के कटका नवाबाद गांव निवासी पतिराम यादव (55) करीब साढ़े नौ बजे हाईवे किनारे स्थित अपने ढाबा के पास दूध देकर लौटते समय सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान वह तेज गति से जा रही कार की चपेट में आ गए। हादसे में पतिराम की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार लेकर चालक भाग गया। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि सड़क पार करते समय कार की चपेट में आने से मौत हुई है। आसपास लगे सीसी कैमरे की मदद से वाहन की पहचान की जाएगी।
इसी तरह वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर सुबह जलालपुर क्षेत्र के असबरनपुर गांव के पास वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे जानकारी मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जेब में मिली डायरी पर लिखे फोन नंबर पर परिवार को जानकारी दी गई। उसकी पहचान नफीस (25) पुत्र जमालुद्दीन निवासी भंडारी, थाना कोतवाली सदर के रूप में की गई। नफीस के भाई इरफान ने थाने में तहरीर दी है।
तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में मारी टक्कर, चालक घायल
धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव के पास शनिवार को सुबह तेज रफ्तार ट्रक एक पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप पलट गई और चालक घायल हो गया। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के धन्नेपुर गांव निवासी संदीप बिंद पिकअप लेकर आजमगढ़ से जौनपुर की तरफ आ रहा था। केशवपुर गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप पर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक संदीप बिंद (35) घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है












