जमीनी विवाद में मारपीट, लाठी से मारकर व्यक्ति की हत्या
जौनपुर,संकल्प सवेरा। सरपतहां थाना क्षेत्र के अमावा कला गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और वहां पुलिस तैनात कर दी गई।

अमावां कला गांव निवासी अशोक पाल (48) व एक अन्य व्यक्ति के बीच आबादी तथा ग्राम समाज की भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। मामला कई बार राजस्व विभाग और पुलिस तक पहुंचा। जब विवाद बढ़ता था तो पुलिस मौके पर पहुंचकर सुलझा देती थी।
ठोस समाधान नहीं होने के कारण बुधवार की सुबह उसी भूमि पर पानी गिराने को लेकर एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पहले विवाद हुआ और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इसी बीच एक पक्ष ने अशोक के सिर पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर गए। परिवार के लोग गंभीर स्थिति देखकर लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।













