किसानों की आमदनी दोगुनी नहीं हुई बल्कि बढ़ गए डीजल और पेट्रोल के दाम
संकल्प सवेरा, भदोही। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में किसान जीवन-मरण की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकारी प्रचार में उसको बहुत कुछ देने का दावा कर रही है, जबकि हकीकत में उसकी झोली खाली है। किसानों को मिल कुछ नही रहा पर आमदनी दोगुनी करने का सपना दिखाया जा रहा है।
उनकी आमदनी तो दोगुना नहीं हुआ बल्कि डीजल, पेट्रोल के दाम बढ़ गए। भाजपा की नीति और नीयत दोनों किसानों के हितों की अनदेखी करने वाली है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश रविवार को शिक्षक दिवस पर भदोही के इनारगांव में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। किसानों की बदहाली की कहानी भाजपा राज में कोई सुनने वाला नहीं है।
उसकी खेती की लागत दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। डीजल मंहगा है। बिजली का बिल बढ़चढ़कर आ रहा है। खाद, बीज के दाम बढ़ गए हैं। भाजपा अपने किए सभी वादे भूल गई है, वह सिर्फ किसानों को गुमराह करने में लगी है। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक गेहूं, धान और गन्ने की खरीद, एमएसपी दर पर करने का खूब प्रचार किया, लेकिन इसका लाभ बिचौलियों को ही मिल रहा है।
गंगा का कसम खाकर गंगा की सफाई का वादा किया था। जिस तरह से रेलवे, एयरपोर्ट आदि बेचे जा रहे हैं। उसी तरह कहीं गंगा को ही यह लोग न बेच दें। सरकार बनी तो पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। शिक्षा मित्रों का ख्याल रखा जाएगा। कालीन उद्योग के लिए एक्सपो मार्ट और हाइवे का निर्माण कराया था। उसका लोकार्पण हम कर चुके थे उसी का लोकार्पण भाजपा सरकार कर रही है।
कालीन उद्योग के विकास के लिए सपा ने जो कर दिया वह भाजपा कभी नहीं कर पाएगी। कहा कि भाजपा नीतियां बड़े घरानों की पोषक हैं, इसलिए प्रदेश में चीनी मिलों को तो राहत दे दी गई, लेकिन गन्ना मूल्य अभी तक नहीं बढ़ाया। सपा सरकार में 40 रुपये गन्ना मूल्य बढ़ाया गया था। भाजपा किसानों पर तीन काले कृषि कानून लाद दिए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार झूठ का कारोबार करने में माहिर है। वह करती कुछ नहीं है बस प्रचार का हवाई महल खड़ा कर लोगों को धोखा देती है राष्ट्रीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष बी पांडे आशुतोष सिन्हा लाल बिहारी यादव रमेश चतुर्वेदी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।












