इनामी बदमाश विनोद पहलवान आगरा जेल में बंद कुख्यात विनोद जाट का गैंग चला रहा था। वह अपहरण की कई वारदात कर चुका है।
संकल्प सवेरा आगरा में पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद इनामी बदमाश विनोद पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक सिपाही भी घायल हुआ है। पकड़ा गया बदमाश कुख्यात विनोद जाट का साथी है।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि विनोद अलीगढ़ और राजस्थान से इनामी है। पुलिस इसको तलाश कर रही थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि विनोद पहलवान सिकंदरा क्षेत्र में है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देखकर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। 
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस उसे पकड़कर जिला अस्पताल लेकर आई। एसपी सिटी ने बताया कि विनोद पहलवान कुख्यात विनोद जाट का साथी है। वह अपहरण की कई घटनाओं की अंजाम दे चुका है। 
हाथरस का रहने वाला विनोद जाट उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट, डकैती, अपहरण, फिरौती जैसे कई वारदात को अंजाम दिया। उसे पुलिस से बर्खास्त कर दिया गया। वह आगरा जेल में बंद है। उसके जेल जाने के बाद विनोद पहलवान गैंग चला रहा था। गिरफ्तार करने वालो मे कमलेश सिह व अन्य पुलिस के जवान रहे।












