जौनपुर, संकल्प सवेरा। मीरगंज क्षेत्र के भिदुना गांव में प्रधान प्रत्याशी की मौत से स्थगित चुनाव 26 अप्रैल को शान्ति पूर्वक सम्पन्न हो गया। कोरोना संक्रमण के बावजूद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान में खूब दिचलस्पी दिखाई। शाम साढ़े 5 बजे तक करीब 57.6 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम साढ़े 5 बजे तक मतदान केंद्र पर छिटपुट मतदान जारी रहा।
पंचायत चुनाव के लिए भिदुना गांव स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर मतदान केंद्र बनाया गया था। सुबह साढ़े 6 बजे से ही मतदाताओं की कतार लगने लगी थी। सुबह 7 से 8 बजे तक मतदान की गति कुछ धीमी रही, लेकिन उसके बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ लिया। उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने भी मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाकर मतदान कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
गौरतलब है कि भिदुना गांव में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान प्रधान पद के प्रत्याशी रामलखन की मौत के बाद प्रधानी का चुनाव निरस्त हो गया था। जिसे चुनाव आयोग के निर्देश पर 26 अप्रैल को कराया गया। बूथ पर कोविड 19 के गाइड लाइन का पालन करते हुए मतदाताओं ने अपने पक्ष के प्रधान को वोट दिया। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम अंजनी सिंह, क्षेत्राधिकारी मछलीशहर अतर सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट व थानाध्यक्ष मीरगंज श्रीप्रकाश राय लगातार चक्रमण करते रहे।












