जिलाधिकारी की नोटिस में कहा गया है कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Vadra) के गलत ट्वीट करने से लोगों में भ्रम फैला है और कोरोना योद्धाओं के मनोबल को ठेस पहुंची है.
आगरा. डीएम प्रभु एन सिंह (DM Prabhu N Singh) ने कांग्रेस (Congress) महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को झूठी खबर ट्वीट करने को लेकर नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है. जिलाधिकारी की नोटिस में कहा गया है कि प्रियंका गांधी के गलत ट्वीट करने से लोगों में भ्रम फैला है और कोरोना योद्धाओं के मनोबल को ठेस पहुंची है. जिलाधिकारी ने 24 घंटे के भीतर प्रियंका गांधी से असत्य खबर के खंडन की मांग भी की है.
हालांकि, आगरा जिलाधिकारी के नोटिस पर कांग्रेस
की तीखी प्रतिक्रिया आई. कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि सरकार के दबाव में प्रदेश की नौकरशाही काम कर रही है. जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ नोटिस और केस दर्ज कर दिया जाता है. उधर, कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी प्रवक्ता डॉ चंद्रमोहन ने कहा कि कांग्रेस कोरोना महामारी के काल में योद्धाओं का मनोबल तोड़ने का काम कर रही है. झूठी ख़बरों से अफवाह फैलाने की कोशिश की जा रही है.
क्या कहा था प्रियंका ने?
दरअसल, प्रियंका गांधी ने एक खबर को ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर हमला किया था. उन्होंने ट्वीट में लिखा था, ‘आगरा में 48 घंटे में भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो गई. यूपी सरकार के लिए कितनी शर्म की बात है कि इसी मॉडल का झूठा प्रचार करके सच दबाने की कोशिश की गई. सरकार की नो टेस्ट-नो कोरोना पॉलिसी पर सवाल उठे थे, लेकिन सरकार ने उसका कोई जवाब नहीं दिया. अगर यूपी सरकार सच दबाकर कोरोना मामले में इसी तरह लगातार लापरवाही करती रही तो बहुत घातक होने वाला है.’
इसके बाद आगरा डीएम प्रभु एन सिंह ने ट्वीट कर जवाब दिया कि जिस मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया गया है वह गलत है. उन्होंने लिखा इस मीडिया रिपोर्ट में अब तक हुए कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु के सम्बन्ध में डेथ ऑडिट का हवाला दिया गया है. पिछले 109 दिनों में आगरा में अबतक कुल 1136 केस एवं 79 मृत्यु हुयी है. “पिछले 48 घंटों में भर्ती हुए 28 कोरोना मरीजों की मृत्यु” की खबर असत्य है.












