सिकरारा : मल्हनी में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को सिकरारा थाना पर एक प्लाटून सीआरपीएफ की टीम पहुंची। थाना पहुंचते ही सीआरपीएफ के जवान अपने अधिकारियों व थानाध्यक्ष के साथ शेरवां बाजार सहित आधा दर्जन बाजारों में फ्लैग मार्च किया। क्रिटिकल बूथों पर पहुंचकर लोगो से भयमुक्त होकर मतदान करने की बात की।
थानाध्यक्ष अंगद प्रसाद तिवारी के साथ थाने के एसआई पारसनाथ यादव सीआरपीएफ टीम के असिस्टेंट कमांडर अरविंद कुमार आजाद व इंसपेक्टर पवन कुमार के साथ जवानों को लेकर लालबाजार बाजार पहुंचे। बाजार के एक छोर से दूसरे छोर तक जवान दो लाइनों में कतारबद्ध होकर पैदल चलने लगे तो सभी की निगाहें उनपर ही था। वहां से वे पैदल ही सिकरारा बाजार, सिकरारा चौराहा, शेरवां, रीठी व ककोहिया के क्रिटिकल बूथों पर भी पहुंचे।
वहां ग्रामीणों से शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करने की अपील की गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में मतदान सम्पन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह तैयार है। किसी उपद्रवी एवं असामाजिक तत्वों को पुलिस शक्ति से निबटेगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में विधानसभा चुनाव हो इसके लिए संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है।












