कोलकाता.संकल्प सवेरा पश्चिम बंगाल में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में राजनीतिक पार्टियों में नए चेहरों और सेलिब्रेटीज को शामिल करने की होड़ मची है. इस बीच क्रिकेटर मनोज तिवारी आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. आज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हुगली में रैली है. इस रैली के जरिए मनोज तिवारी तृणमूल कांग्रेस में अपनी सियासी पारी का आगाज करेंगे. मनोज तिवारी ने कहा, ‘मुझे कठिन पिच पर तृणमूल कांग्रेस के लिए बैटिंग करनी है.’
टीएमसी जॉइन करने को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें दीदी से ही राजनीति में आने की प्रेरणा मिली है. एक चैनल को दिए इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने कहा, ‘मैं नाम का नहीं काम का नेता बनना चाहता हूं. ममता बनर्जी ने मुझ पर भरोसा जताया है. मैं दीदी को अकेला नहीं छोड़ सकता.’
तिवारी ने कहा, ‘मैं काफी होमवर्क के बाद राजनीति में आ रहा हूं. क्रिकेट खेलकर बहुत कुछ हासिल किया और अब लोगों के लिए काम करने का वक़्त है.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने खुद गरीबी देखी है, इसलिए मुझे पता है कि उन लोगों का दुख क्या है. उनके लिए काम करना चाहता हूं.’
तेल की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा
इंटरव्यू के दौरान मनोज तिवारी ने महंगे होते पेट्रोल-डीजल पर मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये लीटर पहुंच गई हैं. गरीब और किसान का बुरा हाल है. मैंने गरीबी को बहुत करीब से देखा है. उन लोगों के दुख-दर्द को दूर करने के लिए मैं काम करना चाहता हूं. ममता बनर्जी से प्रेरणा लेते हुए मैं अब फुल टाइम पॉलिटिशियन बनते हुए राजनीति के मैदान पर खेलने आया हूं.’
2008 में टीम इंडिया में किया था डेब्यू
बता दें कि हावड़ा में जन्मे मनोज तिवारी ने भारतीय क्रिकेट टीम में साल 2008 में डेब्यू किया था. उन्होंने टीम इंडिया के लिए आखिरी वनडे मैच जुलाई 2015 में खेला. मनोज तिवारी ने 12 वनडे और तीन T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. वनडे मैचों में उन्होंने कुल 287 रन बनाए. 35 वर्षीय मनोज तिवारी ने टी 20 में 15 रन बनाए.












