जौनपुर में सोमवार देर रात हौंसला बुलंद बदमाशों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सिटी स्टेशन के पास नगर पालिका के सभासद की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। सूचना पाकर मौके पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
शहर के जौनपुर सिटी स्टेशन मोहल्ला निवासी बाला लखंदर यादव (45) सैदनपुर वार्ड के सभासद थे। सोमवार की रात साढ़े आठ बजे वह सिटी स्टेशन के पास टहल रहे थे।
इसी दौरान पहुंचे बदमाशों ने बाला यादव को लक्ष्य कर फायर कर दिया। सीने में गोली लगने से बाला वहीं गिर पड़े। फायरिंग की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से जख्मी सभासद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लाइन बाजार एसओ योगेंद्र यादव, शहर कोतवाल संजीव मिश्र सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंची। एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की। शहर में जगह-जगह नाकेबंदी कर तलाशी भी शुरू की गई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं मिल सका। बाला यादव प्रॉपर्टी का भी काम करते थे। लाइन बाजार में उनके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हैं।हत्या के पीछे विवादों को भी जोड़कर देखा जा रहा है। एएसपी ने बताया कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।












