नई दिल्ली,संकल्प सवेरा. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री डॉ.एके वालिया (Dr AK Walia) का कोरोना वायरस की वजह से दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया है. उन्हें कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित होने पर भर्ती कराया गया था. डॉ.एके वालिया का पूरा नाम डॉ. अशोक कुमार वालिया था और उन्होंने 1993 में कांग्रेस पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी.
यही नहीं, वह दिल्ली से चार बार विधायक चुने गए. तीन बार वह गीता कॉलोनी सीट और एक बार लक्ष्मी नगर सीट से चुनाव जीतकर दिल्ली विधानसभा पहुंचे. वालिया का जन्म और उनकी पढ़ाई लिखाई भी दिल्ली में ही हुई थी. पेश से डॉक्टर वालिया का पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक नर्सिंग होम भी है
शीला दीक्षित की सरकार में डॉ. एके वालिया ने राज्य मंत्री के रूप में काम किया था. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शहरी विकास और भूमि और भवन विभागों पर काम करने के साथ ट्रांस यमुना क्षेत्र विकास बोर्ड के अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाली थी.












