सीएम ममता बनर्जी ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों की सेवा कर रहे पुलिस बल और उसके कर्मियों की प्रशंसा में एक गीत लिखा है. यह गीत अंग्रेजी में शुरू होता है और फिर बंगाली में चलता रहता है.
कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना महामारी के दौरान लोगों की सेवा कर रहे पुलिस बल और उसके कर्मियों की प्रशंसा में एक गीत लिखा है. मुख्यमंत्री से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया कि राज्य में एक सितंबर को मनाए जाने वाले पुलिस दिवस को ध्यान में रखते हुए ममता बनर्जी ने ‘आपको नमन, पुलिस दिवस, आपको नमन’ गीत लिखा. राज्य की सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों की राज्यमंत्री इंद्राणी सेन ने यह गीत गाया है.
पश्चिम बंगाल में एक सितंबर को पुलिस दिवस मनाया जाना था, लेकिन पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन के बाद राज्यव्यापी अवकाश के चलते कार्यक्रम को आठ सितंबर तक स्थगित कर दिया गया. यह गीत अंग्रेजी में शुरू होता है और फिर बंगाली में चलता रहता है. इसमें पुलिस बल की जिम्मेदारियों और कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने किस तरह लोगों की सेवा की है, इसका उल्लेख किया गया है.
स्वतंत्रता दिवस पर ममता के मंत्री ने बनाया था गाना
बता दें कि इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल की ममता सरकार में मंत्री राजीव बनर्जी ने एक गाना बनाया था, जो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ. मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर बेटों को श्रद्धांजलि देने के लिए ये गीत तैयार किया, जिसे सोशल मीडिया पर रिलीज़ किया गया. जब गलवान घाटी में भारतीय जवान शरीद हुए थे, तब भी मंत्री राजीव बनर्जी ने एक गाना बनाया था, जो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा था.
राजीव बनर्जी ने कहा, ‘स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ मैंने ये गाना बनाया है. ऐ वतन, ऐ वतन, जाने जां जाने मन.’ मंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने स्वाधीनता दिलायी है. जिन लोगों के कारण हम आजाद हुए हैं, उनके लिए यह गाना बनाया है. जब गलवान में जवान शहीद हुए थे, तब भी मैंने उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक गाना बनाया था.












