देश भर में आज क्रिसमस की धूम है. कोरोना गाइलाइन के चलते इस बार चर्च में लोगों की कम भीड़ दिखाई दे रही है. हालांकि फिर भी गुरुवार देर रात से ही लोग बड़ी संख्या में चर्च पहुंच रहे हैं.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को क्रिसमस की पूर्व संध्या पर नागरिकों को शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि त्यौहार के इस मौके पर विश्व में शांति होगी और मनुष्यों में समरसता का भाव जगेगा. उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर ईसाई समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को शहर के एक चर्च में प्रार्थना सभा में भाग लेने के बाद लोगों को क्रिसमस की बधाई दी. बनर्जी ने कोलकाता के कैथेड्रल ऑफ द मोस्ट होली रोजरी चर्च में आयोजित प्रार्थना में भाग लिया. उन्होंने कहा, ‘बंगाल की यह खूबसूरती है कि हम सभी त्योहार मनाते हैं और शांति, प्रसन्नता और उल्लास का संदेश देते हैं. क्रिसमस का त्योहार उल्लास के साथ हर जगह शुरू हो गया है.’
गुजरात में क्रिसमस पर लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है. महाराष्ट्र में चर्च के अंदर महज 50 लोग ही प्रार्थना कर सकेंगे. साथ ही मास्क और सेनेटाइजर का इस्तेमाल जरूरी होगा.
दिल्ली, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गोवा समेत देश के लगभग हर राज्य में क्रिसमस धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. क्रिसमस पर गोवा खास चहल पहल देखी जा रही है.
कोलकाता के पार्क स्ट्रीट पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए. कोलकाता का प्रतिष्ठित सेंट पॉल कैथेड्रल को हर साल की तरह आधी रात के बाद जनता के लिए बंद कर दिया गया. यहां आमतौर पर क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं












