नेशनल हाइवे पर सड़क यातायात पूरी तरह से ठप, मौके पर पहुंचे अधिकारी
बिहार में 20 किमी तथा यूपी में आठ किमी तक वाहनों की लंबी कतार लगी

सैयदराजा(चंदौली)। यूपी-बिहार प्रांत की विभाजक रेखा कर्मनाशा पर बना पक्का पुल शनिवार को जवाब दे गया। कर्मनाशा के ऊपर से गुजरे पक्के पुल का पिलर टूटने से नेशनल हाइवे-2 पर सभी तरह के आवागमन रोक दिए गए। इससे देश की धार्मिक राजधानी वाराणसी से बोध गया समेत झारखण्ड व कोलकत्ता का सड़क सम्पर्क अचानक टूट गया। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के तहत वर्ष 2005 में कर्मनाशा नदी पर 180 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया गया। चार पिलर पर टिका फोरलेन पुल बिहार और यूपी को सड़क मार्ग से जोड़ता है। कर्मनाशा नदी पर बना पुराना पुल को बंद कर दिया गया था।
हालात ऐसे बने की दोनों प्रांतों में हाइवे पर ट्रकों की कतारें लगनी शुरू हो गयी। उधर, कैमूर व चंदौली जनपद के आला अफसर मौके पर पहुंच गए और पुल को हुए नुकसान का जायजा लिया। वहीं स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी नदी के पास एकत्रित होने लगी। नौबतपुर के पास स्थित कर्मनाशा नदी पर बने पुल का पिलर टूटने से सड़क परिवहन पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इसका असर यह रहा कि चंद घंटों में पुल के दोनों तरफ हाईवे पर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई किलोमीटर तक आवागमन बाधित हो गया। बिहार में 20 किलोमीटर तथा यूपी में आठ किलोमीटर तक वाहनों का लंबी कतार लग गई।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह कर्मनाशा नदी के पुल के पिलर पर गुजरने वाले राहगीरों की नजर पड़ी तो वहां धीरे-धीरे लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। राहगीरों की सूचना पर बिहार व सैयदराजा पुलिस व चंदौली जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जायजा लेने के पश्चात कर्मनाशा पुल के दोनों तरफ हाईवे पर आवागमन रोक दिया गया, जिससे हाईवे पर उत्तर प्रदेश व बिहार में कई किलोमीटर तक ट्रक प्राइवेट वाहन वाराणसी आने वाले मरीजों को लेकर एंबुलेंस व स्कूली वाहन जाम की लाइन में लगे हैं ग्रामीणों का कहना है कि परिवहन विभाग व स्थानीय पुुलिस की सरपरस्ती में ओवरलोड़ वाहनों का जनपद की सीमा में अवैध परिचालन के कारण पुल की यह दशा हुई है। प्रतिदिन रात के अंधेरे में ओवरलोड वाहनों को पार कराने का खेल होता है, जिससे परिणाम रहा कि ओवरलोड वाहनों की जबरदस्त आवाजाही से पुल के पिलर की बांह क्षतिग्रस्त हो गयी। बिहार की पुलिस व चंदौली जिले के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और अब किसी भी वाहन कर्मनाशा नदी पुल से न गुजरने नहीं दिया जा रहा है। वैसे छोटे वाहनों को खजुरा बाजार होते हुए पुराने पुल से नौबतपुर बाजार होते हुए जाने दिया जा रहा है भारी वाहनों को पुल के दोनों तरफ रोक दिया गया है। फिलहाल इस गड़बड़ी से एक बड़ी समस्या उत्पन्न हो गयी है, जिससे न केवल यूपी-बिहार का सड़क सम्पर्क टूट गया, बल्कि कोलकाता से दिल्ली को जोड़ने वाले एनएच-2 पर वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगा है, जिससे कारोबारियों को बड़े नुकसान की आशंका है, वहीं स्थानीय नागरिकों को भी कई तरह की समस्याएं झेलनी होगी।












