दिल्ली के जंतर मंतर में वामपंथी दल, भीम आर्मी और छात्र संगठनों के सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं. भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने सुप्रीम कोर्ट से घटना पर संज्ञान लेने की मांग की है.
उत्तर प्रदेश के हाथरस मामले (Hathras Kand) में पीड़िता की मौत के बाद पूरे देश में गुस्सा है. अलग-अलग दल अब न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं. दिल्ली में भी हाथरस पीड़िता के लिए न्याय की मांग लगातार उठ रही है. इसी कड़ी में गुरुवार को वामपंथी दल, भीम आर्मी (Bhim Army) और छात्र संगठनों के सदस्यों ने दिल्ली के जंतर मंतर में जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) ने कहा, ‘मैं हाथरस का दौरा करूंगा. हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक यूपी के सीएम इस्तीफा नहीं देते और न्याय नहीं मिल जाता. मैं एससी से घटना का संज्ञान लेने का आग्रह करता हूं.’ वहीं जंतर मंतर के प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, जिग्नेश मेवाणी, बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी पहुंचीं.
सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी और सीपीआई नेता डी राजा ने hathras cand विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया. सीताराम येचुरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है. हमारी मांग है कि न्याय दिया जाए. तो वहीं हाथरस मामले को लेकर जंतर मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि हम दुख की घड़ी में यहां इकट्ठा हुए हैं. ईश्वर से कामना है कि वह हमारी बेटी की आत्मा को शांति दें. उन्होंने कहा कि इस मामले पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए. देश में बलात्कार की घटनाएं नहीं होनी चाहिए
उत्तर प्रदेश में भी प्रदर्शन
हाथरस कांड के बाद अब तमाम विपक्षी दल योगी सरकार को घेर रही है. इसी कड़ी में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से हाथरस कांड पर प्रदर्शन किया. सपा के युवा कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर गांधी प्रतिमा के नीचे भजन गाकर विरोध जताया. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर ये प्रदर्शन किया गया. बता दें कि हाथरस की घटना के बाद जिले भर के सभी जिला, ब्लॉक मुख्यालय पर ये प्रदर्शन किया गया. सभी जगह गांधी जी की प्रतिमा के नीचे दो घ्ंटे का पहले मौन व्रत रखा गया. उसके बाद भजन कार्यक्रम हुआ. वाराणसी के कचहरी स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के नीचे समाजवादी छात्र सभा और लोहिया वाहिनी के के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न हो कर भजन गुनगुनाया.












