पूर्व विधायक नदीम जावेद के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज
जौनपुर,संकल्प सवेरा जिले में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का पहला मुकदमा दर्ज हो गया है। यह मुकदमा कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सदर से पूर्व विधायक नदीम जावेद के खिलाफ शाहगंज कोतवाली में दर्ज हुआ है। हूटर बजाते हुए गाड़ियों के काफिले के साथ नदीम जावेद का वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज किया गया है।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक शाहगंज सुधीर कुमार आर्य ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी थी। शनिवार को यूपी में विधानसभा चुनाव का ऐलान होने के साथ ही आचार संहिता लागू कर दी गई है। इस बीच रविवार को एक वीडियो सामने आया। जिसमें आचार संहिता लगने के बावजूद पूर्व विधायक नदीम जावेद हूटर बजाते कांग्रेस पार्टी का झंडा लगी पांच गाड़ियों के साथ जाते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो शाहगंज इलाके का बताया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक की तहरीर के मुताबिक वीडियो में नदीम जावेद हूटर भी बजाते हुए जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह एक जगह रूक कर लोगों से मुलाकात भी करते दिख रहे हैं। एएसपी सिटी डा. संजय कुमार के मुताबिक वीडियो नौ जनवरी को वायरल हुआ था। जिसकी जांच के बाद वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।












