बदलापुर।
कस्बे के चन्दन शहीद मार्ग स्थित एक गल्ला व्यवसायी के घर में सोमवार की रात घुसकर दबंगों ने लाठी डंडे से मारपीट कर गल्ला व्यवसायी गुलाब चन्द साहू सहित उसके परिजनों को घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ कर पूंछताछ हेतु थाने ले गयी किन्तु कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया। गल्ला व्यवसायी गुलाबचंद साहू ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रात्रि लगभग 9 बजे आधा दर्जन की संख्या में दबंग किस्म के व्यक्ति पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर में घुसकर मारने पीटने लगे। जब परिवार के लोग बीच बचाव करने लगे तो दबंगों ने परिवार के 26 वर्षीय अभिषेक गुप्ता, 15 वर्षीय आर्यन, 28 वर्षीय रविशंकर को भी दौड़ा दौड़ा कर लाठी डण्डे से मारने लगे।
जिससे सभी लोग लहूलुहान हो गये। सभी घायलों का उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुँच गयी। पुलिस को देखते ही लोग भागने लगे। जिसमें पुलिस ने एक आरोपित को दौड़ाकर पकड़ लिया। उधर इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक देवीवर शुक्ल ने कहा कि घटना की जानकारी हमें नहीं है। जबकि मारपीट की यह घटना थाना परिसर से महज चन्द कदम दूर की है। भुक्तभोगी का यह भी आरोप है कि पुलिस तहरीर लेने के बजाय गाली गलौज देकर भगा दिया।












