गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत मे लगे धान को उखाड़ देने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षो में जमकर लाठी डंडे चलने के कारण एक वृद्ध महिला समेत दोनो पक्षो से 6 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुची 112 की पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी चोरसंड भिजवाया।
जानकरी के अनुसार उक्त थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव में हरिकेश व बलराम में चकमार्ग खेत को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। उसी विवादित खेत मे हरिकेश ने एक महीने पहले धान लगवा दिया था। आरोप है कि सोमवार को करीब साढ़े 11 बजे इसी बात से नाराज होकर बलराम हरिकेश के दरवाजे पर पहुच गया। और धान लगवाने की बात को लेकर दोनो में गाली गलौज होते होते जमकर लाठी डंडे चलने लगे। दोनो पक्षो में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें प्रथम पक्ष से हरिकेश (28) राज कुमारी देवी (65) गुलाब (30) सूरज कुमार (22) व द्वितीय पक्ष से बलराम (50) संजय (34) घायल हो गए है। प्रथम पक्ष से वृद्ध महिला राज कुमारी व हरिकेश का सिर फट गया है। द्वितीय पक्ष से संजय के हाथ मे फैक्चर हो गया है। सूचना पर पहुची 112 नम्बर की पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से सीएचसी चोरसंड भिजवाया।












