चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज पंजाब में पार्टी विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक कर रहे हैं। बैठक शुरू हो चुकी है। चुनावी में मिले प्रचंड बहुमत के बाद अरविंद केजरीवाल की विधायकों के साथ यह पहली बैठक है।
बैठक को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने विधायकों से कहा कि वह बिना भेदभाव के काम करें। यह न सोचें कि किसने उन्हें वोट दी और किसने नहीं। मान विधायकों से कहा कि वह बदलाखोरी से काम न करें। पंजाब के लोगों ने आप को डराने के लिए नहीं, बल्कि विकास के लिए चुना है। बैठक में पार्टी के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद हैं
भगवंत मान ने कहा कि किसी को डराने की जरूरत नहीं है। अगर कोई अफसर काम करने में दिक्कत महसूस कर रहा है तो उसे पूछो कि क्या कमी है। उस कमी को पूरा किया जाएगा
मान ने कहा कि दिल्ली में हर विधायक व मंत्री का सर्वे होता है। उनको पता भी नहीं होता है कि उनका सर्वे होता। यही कारण है कि दिल्ली में कई विधायकों का टिकट कट गया था। मान ने यह कहकर विधायकों को सख्ती का संदेश भी दे दिया। सीएम ने विधायकों से कहा कि वह जनता से पक्की दोस्ती करें।
भगवंत मान ने कहा कि वह विधायकों को सलाह दे रहे हैं डरा नहीं रहे हैं। मान ने कहा कि सारे विधायक मंत्री हैं। वह सीधे उनके पास व मंत्री के पास आ सकते हैं। मान ने विधायकों को वक्त का पाबंद बनने को कहा। कहा कि लोगों को उनके इंतजार की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए
भगवंत मान ने 16 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में सीएम पद की शपथ ली थी। उन्होंने विधायकों को कहा कि वह चंडीगढ़ में रहने के बजाय अपने क्षेत्र में जनहित कार्यों सहयोग दें। गत दिवस भगवंत मान ने अपनी कैबिनेट भी गठित कर दी है। आज की बैठक में पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल विधायकों को कुछ दिशा निर्देश दे सकते हैं।
पंजाब में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है। वर्ष 2017 में पार्टी ने विधानसभा चुनावों में एंट्री की थी, लेकिन पहली बार पार्टी के 20 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। पांच वर्ष बाद आम आदमी पार्टी को 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटों पर जीत मिली है। दूसरी बार पंजाब चुनाव लड़ी पार्टी की यह बड़ी जीत है।
पंजाब में मिली जीत से पार्टी उत्साहित है। पार्टी अब पंजाब को दिल्ली की तर्ज पर माडल बना देश के अन्य राज्यों में इसे पेश करना चाहती है। इसके लिए केजरीवाल विधायकों को टिप्स देंगे कि कैसे वह आम लोगों के साथ जुड़कर उनके काम करवा सकते हैं