सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया अटल जी का जन्म दिन
संकल्प सवेरा। विकास खंड मछलीशहर की ग्राम पंचायत बामी में शनिवार को भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई का जन्म दिन पंचायत भवन सभागार में ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह की अध्यक्षता में मनाया गया, कार्यक्रम के संयोजक बृजलाल पाल रहे।
कार्यक्रम के आरंभ में ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह ने अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण करके दीप प्रज्जवलित किया तत्पश्चात सभागार में मौजूद ग्रामवासियों ने बारी-बारी से उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर ग्रामवासियों को सम्बोधित करते हुए ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह ने कहा कि अटल जी ने अपना सारा जीवन देश के विकास एवं सुशासन के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज ही भारत रत्न पंडित मदनमोहन मालवीय जी का भी जन्मदिन है जिन्होंने भिक्षा मांगकर बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय बनवा दिया जिसका लाभ आज पूरा देश बिना किसी भेदभाव के पा रहा है।
उनके गांव में बनने वाली प्रधानमंत्री सड़क के लिए चार करोड़ का बजट मिला है जो आजादी के बाद से उनके गांव के विकास के लिए मिला सबसे बड़ा बजट है इस योजना का शुभारंभ अटल जी ने ही किया था। इस अवसर पर अवधेश तिवारी,
रामा दूबे, राजेंद्र यादव,आशीष गौतम, प्रसिद्ध नारायण सिंह,अश्विनी दूबे, कौशलेंद्र सिंह, संजीव सिंह,वेद प्रकाश उपाध्याय,विजय प्रकाश उपाध्याय,रामराज सरोज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












