संकल्प सवेरा जौनपुर खेतासराय थाना क्षेत्र के मवई गांव में दहेज को लेकर एक विवाहिता को ससुराल वालों ने घर से मार पीटकर निकाल दिया। महिला के दो बच्चों को लेकर फरार ससुराल वालों ने घर में ताला बंद कर दिया। ऐसे में विवाहिता घर की दहलीज पर बैठकर इंसाफ की राह देख रही है। विवाहिता के भाई ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ जिले के मुसाफिर चौहान पुत्र कल्पनाथ निवासी ग्राम गंगापुर थाना गंभीरपुर ने एसपी जौनपुर और खेतासराय थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी बहन मंजू चौहान की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के मवई ग्राम निवासी अरविंद चौहान पुत्र रामसमुझ के साथ 5 वर्ष पहले हुई थी भाई के मुताबिक शादी में अपनी क्षमता से अधिक दान दहेज भी दिया गया। लेकिन, बहन को उसके ससुराल वाले आए दिन दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। बहन के दो बच्चे हैं जिनमें अनंत चार साल और आयोग एक साल का है
भाई का आरोप है कि दहेज में जो सामान दिया गया, ससुराल वाले उसे बेच कर खा गए। अब फिर दहेज लाने के लिए बहन को मारते पीटते हैं। शुक्रवार को ससुराल वालों ने घर में ताला बंद करके उनकी बहन को बाहर निकाल दिया और बच्चों को लेकर फरार हो गए
अब मंजू न्याय के लिए घर के दरवाजे पर बैठी है और बच्चों की राह देख रही हैं। उसके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। प्रभारी निरीक्षक यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद का है। दोनों पक्षों से बात कर बच्चों को वापस दिलाने की कोशिश की जा रही है













