AI इंजीनियर सुसाइड केस- बेंगलुरु पुलिस जौनपुर पहुंची, घर पर 3 नोटिस चस्पा
संकल्प सवेरा, जौनपुर। AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में बेंगलुरु पुलिस टीम शुक्रवार सुबह 10 बजे अतुल की पत्नी निकिता के घर पहुंची। जौनपुर के खोवा मंडी स्थित घर पर कोई नहीं मिला। वहां ताला लगा हुआ था। पुलिस घर के बाहर नोटिस चस्पा कर लौट गई।
इसके बाद 11 बजे उमरपुर के रुहट्टा स्थित अतुल के ससुराल पहुंची। यहां पर भी घर पर ताला लगा था। पुलिस ने घर के बाहर 2 नोटिस चस्पा कर अतुल की सास निशा और साले अनुराग को 3 दिन के भीतर मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन, बेंगलुरु में जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा। आस-पास के लोगों से अतुल की सास और साले के बारे में पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि अतुल की पत्नी निकिता जौनपुर में ही है। पुलिस से बचने के लिए किसी रिश्तेदार के यहां छिपी हुई है।
सुभाष की ससुराल में दो नोटिस चस्पा किए गए हैं। एक सास निशा के नाम से और दूसरा साले अनुराग के नाम से। जिसमें लिखा गया है कि आपको सूचित किया जाता है कि FIR संख्या 682/2024 यू/एस 108 आर/डब्ल्यू 3(5) ऑफ BNS-2023 की जांच के दौरान विकास कुमार द्वारा अपने भाई अतुल सुभाष की मौत के संबंध में मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन, बेंगलुरु शहर, कर्नाटक में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह पता चला है कि इस मामले की वर्तमान जांच के संबंध में आपसे तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आपसे पूछताछ करने के उचित आधार हैं। इसलिए आपको इस नोटिस प्राप्त करने के 3 दिनों के भीतर मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन, कडुबीसनहल्ली, बेंगलुरु- 560037 में जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया जाता है। *FIR 682/2024 यू/एस 108 आर/डब्ल्यू 3 (5) ऑफ BNS-2023 और शिकायत की प्रति आपकी जानकारी के लिए इस नोटिस के साथ संलग्न है।
इससे पहले बुधवार रात सास निशा और साला अनुराग सिंघानिया घर से भागकर शहर के वैभव होटल में पहुंचे थे। वहां रिसेप्शनिस्ट से कमरे को लेकर पूछताछ की, फिर आकर सोफे पर बैठे गए। मैनेजर के मुताबिक, सास काफी उदास थी। वो सोफे पर बैठकर रो रही थी।
मां-बेटे के होटल में घुसने का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा कि दोनों बाइक से उतर कर होटल के अंदर जाते हैं। थोड़ी देर बाद बाहर आ जाते हैं। फिर एक कार से कहीं निकल जाते हैं।
अतुल ने सुसाइड नोट में पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया, साले अनुराग सिंघानिया और चाचा ससुर सुशील सिंघानिया को जिम्मेदार ठहराया था। इन चारों के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है।
बेंगलुरु पुलिस टीम गुरुवार शाम सिटी कोतवाली पहुंची, केस से जुड़े दस्तावेज सौंपे। अतुल के ससुराल वालों की जानकारी ली। जांच में सहयोग भी मांगा। ACP रंजीत कुमार ने मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
इंजीनियर अतुल की सास-साला बुधवार रात डेढ़ बजे से फरार हैं। रात 12 बजे तक इंजीनियर की ससुराल के घर के बाहर मीडिया कर्मियों का जमावड़ा रहा। जैसे ही मीडियाकर्मी वहां से हटे, सास निशा और साला अनुराग सिंघानिया घर को ताला लगाकर फरार हो गए।
गली से भागते हुए सास मेन सड़क पर पहुंची। बेटा बाइक लेकर वहां खड़ा था। इसके बाद मां-बेटे फरार हो गए। मां-बेटे के भागते के समय का एक वीडियो सामने आया था। इसमें सास मीडियाकर्मी के सामने हाथ जोड़ रही है। मीडियाकर्मी ने उनसे पूछा कि कहां जा रही हैं? लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।















