गभिरन ( जौनपुर) 6 सितंबर पटैला बाजार स्थित टैंपो स्टैंड से पुलिस ने शनिवार की देर शाम दुष्कर्म और पाक्सो ऐक्ट के आरोपित को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही के बाद चलान न्यायालय भेज दिया।
सरपतहा थाना क्षेत्र के लालापुर गांव निवासी अल्पसंख्यक वर्ग के मोहम्मद रहीम की ससुराल खुटहन थाना क्षेत्र के एक गाँव में है। जहाँ से बीते 28 अगस्त की शाम अपने सगे साले की 13 वर्षीय पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। आरोप था कि पांच दिनों तक किशोरी को जौनपुर और सरपतहा के अलग अलग स्थानों पर लेजाकर उसके साथ दुराचार किया। छठे दिन शुक्रवार की सुबह किशोरी को तेज रक्तस्राव शुरू हो जाने पर उसे स्थानीय एक कालेज के पास छोड़कर आरोपित भाग गया।
खून से लथपथ किशोरी की जानकारी मिलते ही उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंच उसे घर ले गये। जहां उसने आपबीती अपनी माँ से बतायी। आरोप था कि उसका सगा फूफा उसे बहलाकर कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा।
प्रभारी थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिलते ही त्वरित कार्यवाही कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़ित किशोरी को महिला पुलिस की अभिरक्षा में उपचार व मैडिकल परीक्षण हेतु भेज दिया गया था। आरोपित की धर पकड़ को मुखबिर लगाये गये थे।
शनिवार की देर शाम मुखबिर ने बताया कि आरोपित मोहम्मद रहीम पटैला बाजार में टैंपो स्टैंड पर खड़ा है। वह कहीं भागने के फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपने हमराही कांस्टेबल अमृत लाल यादव व जितेन्द्र यादव के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे थाने लाकर आवश्यक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया।












