रूस में 8.7 तीव्रता का जोरदार भूकंप,सुनामी का अलर्ट
नई दिल्ली,संकल्प सवेरा। रूस के सुदूर पूर्वी कमचटका प्रायद्वीप के तट पर बुधवार को 8.7 तीव्रता का भीषण भूकंप आया। इस भूकंप ने प्रशांत क्षेत्र में हलचल मचा दी।
यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। अमेरिका, जापान, न्यूज़ीलैंड, फिलीपींस, इक्वाडोर और हवाई जैसे क्षेत्रों में समुद्र तटों पर खतरे की घंटी बज रही है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, यह 1952 के बाद इस क्षेत्र का सबसे ताकतवर भूकंप है
कमचटका के तट पर आज दिनभर में कम से कम छह भूकंप दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता 5.4 से 6.9 के बीच थी। हालांकि, ये सभी उस 8.7 तीव्रता वाले भूकंप से कम शक्तिशाली थे। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने चेतावनी दी है कि रूस और इक्वाडोर के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर से ऊंची लहरें उठ सकती हैं
सुनामी की आहट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “प्रशांत महासागर में आए भीषण भूकंप के कारण, हवाई में रहने वालों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रशांत तट पर सुनामी निगरानी जारी है। जापान भी खतरे में है। मजबूत रहें और सुरक्षित रहें।”
हवाई में सुनामी की चेतावनी के बाद होनोलूलू में सायरन बजाए गए और लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया। केंद्र ने बताया कि हवाई, चिली, जापान और सोलोमन द्वीप समूह में 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें टकरा सकती हैं।