मिशन शक्ति के तहत छात्रा बनी एक दिन की सीओ, सुनी फरियादियों की समस्याएं
शाहगंज के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, घरेलू हिंसा की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश
शाहगंज, जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत शाहगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा आठ की छात्रा नंदिता को पुलिस विभाग में एक दिन के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) शाहगंज की कुर्सी पर बैठाकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया।
एक दिन की सीओ बनी छात्रा ने कार्यालय में पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एक महिला फरियादी ने शिकायत की कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है। छात्रा ने महिला की समस्या सुनते हुए मामले में कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
सीओ की कुर्सी पर बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनने का अवसर मिलने पर छात्रा काफी उत्साहित नजर आई। उसने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उसे समझने का मौका मिला कि अधिकारी किस तरह लोगों की शिकायतें सुनते हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देते हैं। छात्रा ने कहा कि आज वह बेहद खुश है और इस अनुभव से उसे काफी कुछ सीखने को मिला।
कार्यक्रम के संबंध में प्रतिमा वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में छात्राओं को एक दिन के लिए अधिकारी की जिम्मेदारी देकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है, ताकि उनमें आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बालिकाओं को यह समझने में मदद मिलती है कि किसी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में अपनी बात संबंधित अधिकारियों तक कैसे पहुंचाई जाए और न्याय पाने के लिए किन प्रक्रियाओं का सहारा लिया जा सकता है। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में जागरूकता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना है। इस अवसर पर कस्तूरबा स्कूल के वार्डन एकता नीलम माननीय क्षेत्राधिकारी प्रतिभा वर्मा महोदया का आभार व्यक्त किया।











