जौनपुर में बस की टक्कर से स्कूल वैन पलटी, कई बच्चे घायल; कई की हालत नाजुक

जौनपुर, संकल्प सवेरा। मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर में गुरुवार को बस और स्कूल वैन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क किनारे घायल बच्चों को देखकर स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े। कई बच्चे खून से लथपथ हालत में मिले। लोगों ने आनन-फानन में घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके और अस्पतालों की ओर पहुंचने लगे। घायल बच्चों को सुजानगंज, मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर और प्रयागराज के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी है।
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों के उपचार की जानकारी ली तथा आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











