मई चौराहे पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, गिरफ्तार
जौनपुर, संकल्प सवेरा। बक्शा थाना क्षेत्र के मई चौराहे पर सोमवार दोपहर एक युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी सुमित कुमार सिंह (22) पुत्र नीरज सिंह सोमवार सुबह अपनी बाइक की सर्विसिंग कराने बाजार गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे वह सर्विसिंग के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मई चौराहे के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले में गंभीर रूप से घायल सुमित काफी देर तक सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्शा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के घर पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
सूचना मिलने पर बक्शा थाना प्रभारी लक्ष्मण विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।












