Jaunpur 16.50 लाख के खाद्यान्न घोटाले में बड़ी कार्रवाई: ईओडब्ल्यू ने कोटेदार को किया गिरफ्तार.
संकल्प सवेरा, जौनपुर। करीब दो दशक पुराने खाद्यान्न घोटाले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) वाराणसी को बड़ी सफलता मिली है। जौनपुर जिले में वर्ष 2004-05 के दौरान संचालित सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना में कथित वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के गबन के मामले में एक कोटेदार को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, विकास खंड केराकत के विभिन्न गांवों में नाली निर्माण, संपर्क मार्ग और मिट्टी भराई जैसे जनहित कार्य प्रस्तावित थे। योजना के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न (चावल) वितरित किया जाना था। आरोप है कि योजना के क्रियान्वयन में जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों द्वारा अनियमितताएं की गईं और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लगभग 16.50 लाख रुपये के सरकारी धन का गबन किया गया।
इस मामले में वर्ष 2020 में थाना ईओडब्ल्यू वाराणसी में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर ईओडब्ल्यू टीम ने सुरेंद्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम हुरहुरी, थाना केराकत, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अन्य अभियुक्तों के साथ मिलकर सरकारी धन के गबन में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने मंगलवार सुबह केराकत क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, निरीक्षक करुणेश सिंह, मुख्य आरक्षी प्रिंस तिवारी, रामाश्रय सिंह और सरफराज अंसारी शामिल रहे।
ईओडब्ल्यू द्वारा मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
#Jaunpur #EOW #FoodScam #CorruptionCase #BreakingNews #EconomicOffencesWing #UPNews #JaunpurNews #CrimeNews #GovernmentFunds #ScamCase #Kerakat #VaranasiEOW













