जौनपुर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण: डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

जौनपुर, संकल्प सवेरा 31 मई। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने शनिवार को उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों, अस्पताल की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत प्रशासनिक भवन से हुई, जहां जिलाधिकारी ने लिफ्ट निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। केंद्रीय पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

शैक्षणिक भवन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनाटॉमी विभाग, म्यूजियम और डिसेक्शन हॉल का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रीय वातानुकूलन (सेंट्रल एसी) प्रणाली की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने तथा भवन में सफाई, केबल प्रबंधन, रेलिंग सुरक्षा और अन्य अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
अस्पताल भवन में डीएम ने ओपीडी पंजीकरण काउंटर और विभिन्न विभागों की ओपीडी का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1500 से 2000 मरीज उपचार के लिए आते हैं। मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने साइनेज व्यवस्था, साफ-सफाई, वातानुकूलन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सभी अग्नि सुरक्षा संबंधी कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुरुष छात्रावास के निरीक्षण में मेस की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और परिसर की स्वच्छता की समीक्षा की गई। वहीं निर्माणाधीन सीसीयू भवन की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर बल दिया गया।
इसके अलावा सब स्टेशन, विद्युत व्यवस्था, जलापूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और वे स्वयं प्रत्येक माह निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का मूल्यांकन करेंगे। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ए.ए. जाफरी, वित्त नियंत्रक अतुल चौधरी, परियोजना प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










