तालाब में डूबने से युवक की मौत, ईद की खुशियां मातम में बदलीं
शाहगंज, संकल्प सवेरा जौनपुर। जिले की सीमा से सटे आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित इजदीपुर गांव में तालाब में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ईद की खुशियों के बीच हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
नगर के पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी शाहिद (30) अपने कुछ दोस्तों के साथ इजदीपुर गांव स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों को पहले लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ देर तक बाहर न आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने शोर मचाते हुए उसकी तलाश शुरु की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद शाहिद को तालाब से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सबरहद स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि शाहिद परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी कुछ वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसका दो वर्षीय पुत्र है। परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी, एक बहन, छोटा भाई और मासूम बेटा है। घटना से ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात शाहगंज के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।











