बाहुबली धनंजय पर फायरिंग मामले में अभय सिंह बरी
संकल्प सवेरा, काशी। वाराणसी के 24 साल पुराने टकसाल सिनेमा कांड में बाहुबली धनंजय सिंह को झटका लगा है। एमपी-एमएलए कोर्ट ने बुधवार दोपहर डेढ़ बजे सपा के बागी विधायक अभय सिंह और मिर्जापुर के MLC विनीत सिंह समेत सभी 6 आरोपियों को बरी कर दिया।
दरअसल, पूर्व सांसद धनंजय ने आरोप लगाया था कि अभय और विनीत सिंह ने 4-5 साथियों के साथ उनके काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इसमें वह, उनके गनर, चालक घायल हो गए थे। 13 अप्रैल को विशेष न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
फैसले के बाद अभय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि धनजंय घोषित अपराधी हैं। उन्होंने राजनीतिक कुंठा में मुझे फंसाया। वहीं, एमएलसी विनीत सिंह ने कहा- न्याय की जीत हुई। मेरा नाम गलत तरीके से डाला गया था।
फैसले को लेकर कोर्ट और आसपास के इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। 2 IPS, 3 ACP समेत 350 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे। एक कंपनी PAC भी बुलाई गई। उधर, जजमेंट से पहले मंगलवार रात धनंजय सिंह ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में माथा टेका और रुद्राभिषेक किया। कालभैरव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।















