कृपाशंकर सिंह के पत्र पर शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मिली रिंग रोड की स्वीकृति
सिरकोनी टोल प्लाजा से पचहटिया तक निर्माण पूरा, शेष कार्य भी जल्द पूरे होंगे
28 जून 2024 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर की थी मांग
जौनपुर, संकल्प सवेरा। वरिष्ठ भाजपा नेता व महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के पत्र पर जौनपुर शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रिंग रोड की स्वीकृति मिली है। पूर्व मंत्री ने 28 जून 2024 को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर यह मांग की थी।
इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कृपाशंकर सिंह को दो जुलाई 2024 को पत्र के जरिए इस परियोजना की स्वीकृति की जानकारी दी थी। उन्होंने अवगत कराया कि जौनपुर शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए चार हजार करोड़ रुपये की लागत वाली फोर लेन के रिंग रोड की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कृपा शंकर सिंह ने बताया कि सिरकोनी टोल प्लाजा से पचहटिया
तक 14 किलोमीटर सड़क बन गई है। 1900 करोड़ से 29 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है, जिसका निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके अलावा एक हजार करोड़ से 18 किलोमीटर सड़क का डीपीआर तैयार है। शासन की यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब मूर्त रूप लेने लगी है। कृपा शंकर सिंह ने केंद्रीय मंत्री को जौनपुर की जनता की तरफ से धन्यवाद दिया।













