विकास में बांधा बन रहे रावण रूपी प्रवृत्ति को पार्टी कार्यकर्ता जलाएं -कृपाशंकर सिंह
जौनपुर,संकल्प सवेरा। विकास में बांधा बन रहे समाज मे रावण रूपी प्रवृत्ति के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके लिए भाजपा के कार्यकर्ता आगे आएं। देश और उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास का नया प्रतिमान स्थापित कर रहा है।
यह बातें पूर्व गृह राज्य मंत्री महाराष्ट्र और जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने कही। वह गुरुवार को गांधी जयंती पर खरका तिराहे पर स्थित महात्मा गाँधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सबसे पहले उन्होंने पद्मभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे संगीत जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में विजयदशमी का पर्व बड़े ही धूमधाम से मन रहा है, सुखद संयोग है कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और जय जवान जय किसान का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है तो वही आज नागपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के द्वारा आज शताब्दी वर्ष की शुरुवात हो रही है।इसलिए आज का दिन बहुत ही पवित्र दिन है।
श्री सिंह ने कहा कि दशहरा पर हम समाज में व्याप्त नकारात्मक विचारों को आज रावण के पुतले में समाहित कर जलाने का उत्सव मनाते हैं। क्योंकि रावण कोई व्यक्ति नहीं, प्रवृत्ति है। सारी अच्छाई के बावजूद एक अंहकार ने रावण को नष्ट कर दिया, वरना वह ताक़तवर था। वह महापंडित था, ज्ञानी था,उसका यह पक्ष दुनिया के सामने नहीं आया. उसने शिव ताण्डव स्त्रोत की रचना की।वह ज्योतिष का परम ज्ञानी था। रावण संहिता आज भी ज्योतिष का आधार ग्रन्थ है। जैसे हम सभी उसके अहंकार की प्रवृत्ति को जलाकर समाज को एक संदेश देते हैं। उसी तरह आज विकास में बाधक हो रहे लोगो और समाज को तोड़ने वाली शक्तियों को भी रावण के पुतले की तरह नष्ट करने की जरूरत है।
श्री सिंह ने कहा कि जो भी रावण रूपी विकास में बांधा बना हुआ है और छुप कर बैठा है ऐसे लोगो को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता ढूंढ कर निकालेंगे और रावण रूपी पुतले में जलाने का काम करेंगे। उन्होंने सनातन धर्म की गौरवशाली परम्परा के आराध्य प्रभु श्री राम जी को प्रणाम करते हुए कहा कि जो रावणी प्रवृत्ति के लोग जो राजनीति या समाज में हैं उन्हें समाप्त करने की आवश्यकता है।
आज पूरा देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारो को आत्मसात कर रहा है। इन दोनों महापुरुषों के चरित्र को अपना कर उनके दिखाए रास्ते पर चलकर देश को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि देश व प्रदेश इनके नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व से मैं अस्वस्थ्य था अब बेहतर स्वास्थ्य है। डॉक्टर के थोड़े दिन और आराम करने के परामर्श के बावजूद आप सभी का मेरे प्रति अगाध स्नेह ने मुझे जौनपुर आने को विवश किया।
पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह मुंबई से चार्टड प्लेन से गुरुवार सुबह वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुँचे। जहाँ से वह सीधे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर दर्शन पूजन किया। जिसके बाद वह जौनपुर कार्यालय पर आये। यहाँ गांधी आश्रम से बने अंग वस्त्र और मिठाई को भाजपा के कार्यकर्ताओ,महिला संगठनो, पत्रकारों सहित जिले के तमाम संभ्रांत लोगों को विजयादशमी के अवसर पर सप्रेम भेंट कर सभी को बधाई दी। इस मौके पर शुभचिन्तको के बीच उन्होंने बताया कि मुझे बीते 25 अगस्त को पेट दर्द उठा था मुंबई में इलाज के बाद जब स्वस्थ्य हुआ तो सबसे पहले काशी विश्वनाथ का दर्शन और अपने लोगों से मिलने इच्छा हो रही थी। आप सभी का प्रेम ही और दुआओं का ही असर है कि आज हम पूर्ण रूप से स्वस्थ्य है और आपके बीच में है। इसके बाद पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपा शंकर सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया पत्रकारों से बातचीत की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह,महामंत्री सुशील मिश्रा,भाजपा के यूपी के पैनलिस्ट ओम प्रकाश सिंह लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य प्रो.आर. एन.त्रिपाठी पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्यामराज सिंह ब्लॉक प्रमुख सुइथाकला के प्रतिनिधि उमेश तिवारी प्रबुद्ध दुबे शशि मौर्य,भाजपा महिला अध्यक्ष रागिनी सिंह मेनका सिंह प्रियंका श्रीवास्तव पूर्व सभासद नीरज मौर्य आदि लोग मौजूद थे।