जौनपुर में पति ने दहेज न मिलने पर दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
केराकत। शादी में सोने की चेन और पचास हजार रूपये न मिलने से आक्रोशित पति ने पंचायत में अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। जिसके बाद पत्नी ने कानून का सहारा लेते हुए पति व ससुराल वालों पर मुकदमा दर्ज करा दिया।
जफराबाद थानान्तर्गत के गजना मोईद्दीनपुर के कलीम की शादी तीन साल पूर्व केराकत में यास्मीन के साथ हुई थी। शादी के समय दहेज में बाइक, तीस हजार नगदी सहित अन्य गृहस्थी के सामान दिए गये थे। शादी के बाद ससुराल वाले उसे दहेज कम लाने के लिए ताना मेहना सुना रहे थे, यास्मीन बानो ने बताया कि उसके मायके वाले ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए समझाए बुझाए, लेकिन बात नहीं बनी।
जनवरी में विवाद को लेकर वह अपने मायके आ गयी। एक सप्ताह पूर्व समझौता के लिए दोनों पक्षों में पंचायत होने लगी। बातचीत चल रही थी कि इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग नाजायज शर्त रखने लगे। प्रार्थिनी के इनकार करने पर आक्रोशित होकर पंचायत के सामने ही उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और बोला कि आज से रिश्ता खत्म हो गया। जिसके बाद पत्नी ने कानून का सहारा लेते हुए पुलिस को सूचना दी। एसपी के आदेश पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। इस बाबत कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।













